देहरादून। न्यायालयों से जारी गैर जमानती वारंटों की शत-प्रतिशत तामीली के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर पिछले दो दिनों में 14 वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों और अधीनस्थ अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंटों की तामीली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में पुलिस टीमों ने अभियान चलाकर विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में विकासनगर, सहसपुर, पटेलनगर, अजबपुर, चकराता, ऋषिकेश और मुनिकीरेती क्षेत्र के आरोपी शामिल हैं। गिरफ्तार वारंटियों में असलम (35) निवासी खादर नवाबगढ़, रिजवान (46) निवासी जीवनगढ़, आसिफ (26), वासिफ (19) और जुबैदा (45) निवासी कुंजा थाना विकासनगर शामिल हैं। इसके अलावा सुशीला बोहरा (58) निवासी टी स्टेट बंजारावाला, सुमित निवासी कलानौर, मोहित कुमार (28) निवासी केशोवाला पटेलनगर, किशन (37) निवासी दीपनगर अजबपुर, नरेश निवासी दालीपुर विकासनगर, तैय्यब (22) निवासी खुशहालपुर सहसपुर, बालाराम निवासी चकराता, उपेंद्र कुमार साहनी (60) निवासी चंद्रेश्वर नगर ऋषिकेश और अमन भंडारी (24) निवासी ढालवाला मुनिकीरेती को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
दून पुलिस ने बताया कि न्यायालयों से जारी वारंटों की तामीली को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और न्यायालयी प्रक्रिया से बच रहे आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।