राज्यसभा के लिए भाजपा में तेज हुई लॉबिंग, दो दर्जन नामों पर मंथन

– कोर कमेटी ने सीएम धामी, महेंद्र भट्ट और फणींद्रनाथ शर्मा को सौंपी 3-5 नामों का पैनल तैयार करने की जिम्मेदारी

देहरादून। राज्यसभा की रिक्त होने वाली सीट को लेकर भाजपा में सियासी हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई कोर कमेटी की बैठक में संभावित दावेदारों के करीब दो दर्जन नामों पर गहन मंथन हुआ। महिला, एससी-एसटी, युवा और विभिन्न सामाजिक वर्गों से जुड़े नामों पर चर्चा के बाद अब उम्मीदवारों के नामों को लेकर फैसला मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा की तीन सदस्यीय टीम करेगी।

बैठक में तय किया गया कि यह टीम 3 या 5 नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजेगी। राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल समाप्त होने के चलते यह सीट रिक्त होनी है। ऐसे में पार्टी के भीतर दावेदारों को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

नई टीम के हाथ में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

कोर कमेटी की बैठक में नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा का औपचारिक स्वागत भी किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट समेत सभी सदस्यों ने उनका अभिनंदन किया। बैठक में संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती देने को लेकर भरोसा जताया गया।

2027 की तैयारी पर भी फोकस

राज्यसभा की उम्मीदवारी के साथ बैठक का फोकस आगामी 2027 विधानसभा चुनाव पर भी रहा। शक्ति केंद्रों की सक्रियता, बूथों के सुदृढ़ीकरण और पन्ना प्रमुखों को अधिक सक्रिय करने की रणनीति पर चर्चा हुई। सेवा संकल्प अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचाने की कार्ययोजना भी बनाई गई।

बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया गया। कोर कमेटी सदस्यों ने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक ले जाने का आह्वान किया और 2027 में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ संगठन को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ने पर जोर दिया।

कोर कमेटी में अजय टम्टा, त्रिवेंद्र सिंह रावत, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, नरेश बंसल, कल्पना सैनी, अजय भट्ट, माला राज्यलक्ष्मी शाह, डॉ. धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, कुंदन परिहार, दीप्ति रावत और तरुण बंसल आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *