देहरादून। द दून गर्ल्स स्कूल में शुक्रवार को 15वीं अंतर-विद्यालयीय अंग्रेजी काव्य-पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। एकल और सामूहिक वर्ग में आयोजित प्रतियोगिता में देहरादून के 12 प्रतिष्ठित विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर द एशियन स्कूल को ओवरऑल विजेता घोषित किया गया।
प्रतियोगिता में सेंट थॉमस कॉलेज, वेल्हम्स बॉयज स्कूल, हिम ज्योति स्कूल, द एशियन स्कूल, द दून गर्ल्स स्कूल, ज्ञानंदा गर्ल्स स्कूल, शिगाले हिल्स इंटरनेशनल, द ओएसिस, जॉन मार्टिन मेमोरियल स्कूल, कसिगा, कैंब्रिन हॉल और एडरॉइट प्रोग्रेसिव स्कूल के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के अध्यक्ष सीपी डैंग, भूतपूर्व निदेशिका इंदु गोस्वामी और प्रधानाचार्या शुचि सिन्हा सहित शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में हुआ। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने प्रभावशाली काव्य-पाठ प्रस्तुत कर अपनी साहित्यिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, उच्चारण, अभिव्यक्ति और मंचीय प्रस्तुति को अतिथियों एवं शिक्षकों ने सराहा।
निर्णायक मंडल में बेनू मलिक, अधिराज मुस्तफी, सभ्य सांची घोष और पूजा खन्ना शामिल रहे। एकल वर्ग में एडरॉइट प्रोग्रेसिव स्कूल के आयांश, ज्ञानंदा गर्ल्स स्कूल की रक्षिता और वेल्हम्स बॉयज स्कूल के आर्यांश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं सामूहिक वर्ग में ज्ञानंदा गर्ल्स स्कूल, सेंट थॉमस कॉलेज और एडरॉइट प्रोग्रेसिव स्कूल ने प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रधानाचार्या शुचि सिन्हा ने सभी प्रतिभागी विद्यालयों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और निर्णायक मंडल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की साहित्यिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में भाषा और साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उनकी मंचीय अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम के समापन पर विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर शुभकामनाएं दी गईं।