– एसबीपीएस के शूटरों ने 3 गोल्ड, 4 सिल्वर और 5 ब्रांज मेडल पर साधा निशाना
देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) के निशानेबाजों ने सीबीएसई नॉर्थ जोन शूटिंग चैंपियनशिप में एक बार फिर अपनी सधी हुई निशानेबाजी का प्रदर्शन किया। स्कूल के शूटर्स ने 3 स्वर्ण पदक, 4 रजत और 5 कांस्य पदकों पर निशाना साधा।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर स्कूल के सात निशानेबाजों आर्यन रावत, वेदांग जोशी, प्रभात कुकरेती, ऋषभ ध्यानी, विष्णु डंगवाल, अनिरुद्ध चक्रवर्ती और आत्रेय भंडारी का चयन सीबीएसई नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। बलूनी ग्रुप के एमडी विपिन बलूनी ने पदक विजेताओं को स्कूल में सम्मानित किया। उन्होंने सभी मेडल विजेताओं को शुभकामनाएं। साथ ही और उम्मीद जतायी कि नेशनल में भी ये खिलाड़ी उल्लेखनीय प्रदर्शन कर स्कूल और प्रदेश के लिए मेडल जीतेंगे।
सीबीएसई नॉर्थ जोन शूटिंग चैंपियनशिप-2026 सहारनपुर स्थित नालंदा पब्लिक स्कूल में 16 से 20 अगस्त तक आयोजित किया गया था। एसबीपीएस शूटिंग एकादमी के कोच अक्षय आनंद ने बताया कि प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने कुल 3 स्वर्ण, 4 रजत और 5 कांस्य पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के 1200 से अधिक छात्रों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के अंडर-14 एयर राइफल वर्ग में अनिरुद्ध चक्रवर्ती ने 400 में से 385 अंक हासिल कर व्यक्तिगत रजत पदक जीता। वहीं आत्रेय भंडारी, अनिरुद्ध चक्रवर्ती और विष्णु डंगवाल की टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, अंडर-19 एयर राइफल वर्ग में वेदांग जोशी ने 400 में से 391 अंक अर्जित कर व्यक्तिगत कांस्य पदक जीता। इस वर्ग में वेदांग जोशी, प्रभात कुकरेती और ऋषभ ध्यानी की टीम ने रजत पदक हासिल किया। इसी तरह अंडर-17 एयर पिस्टल वर्ग में आर्यन रावत ने 400 में से 388 अंक हासिल कर व्यक्तिगत कांस्य पदक जीता। आर्यन रावत, राघव रावत और शौर्य रावत की टीम ने भी कांस्य पदक अपने नाम किया। स्कूल प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन करेंगे।
