गोलू देव और हरज्यू देव की परंपराएं उत्तराखंड की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर : रेखा आर्या

सोमेश्वर/अल्मोड़ा। उत्तराखंड की लोक आस्था और देव परंपराओं के संरक्षण का आह्वान करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सोमेश्वर क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक आयोजनों में प्रतिभाग किया। उन्होंने ग्राम सभा गल्ली बस्यूरा स्थित श्री गोलू देव एवं श्री हरज्यू देव मंदिर में आयोजित 11 दिवसीय बैसी (जागर) अनुष्ठान में शामिल होकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने कुंवाली कोरेधार स्थित गोलज्यू देवता मंदिर में आयोजित 22 दिवसीय बैसी कार्यक्रम में भी सहभागिता की।

मंदिर में पहुंचकर कैबिनेट मंत्री ने न्याय के देवता गोलू देव और हरज्यू देव के दर्शन कर प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड की देव संस्कृति, लोक परंपराएं और जागर जैसे धार्मिक आयोजन हमारी पहचान और आस्था के अभिन्न अंग हैं।रेखा आर्या ने कहा कि देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हमारी लोक परंपराएं केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह हमारी सभ्यता, इतिहास और सामाजिक मूल्यों को भी दर्शाती हैं। नई पीढ़ी को इन परंपराओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भगवान गोलू देव न्याय और जनविश्वास के प्रतीक हैं। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता, भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। मंत्री ने आयोजन को सफल बनाने के लिए ग्रामवासियों, मंदिर समिति और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर स्याही देवी मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र चिलवाल, मंडल उपाध्यक्ष महेंद्र बिष्ट, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, ललित तिवारी, पान सिंह बिष्ट, नवीन आर्य, हेम जोशी, गिरीश चंद्र जोशी, गोपाल खोलिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *