देहरादून में अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़, 95 बोतल विदेशी शराब और 28 बीयर कैन बरामद

देहरादून। जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून एवं आबकारी टीम मसूरी ने 8 अक्टूबर को प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त प्रेरणा बिष्ट के निर्देशन में विदौली क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की। पेट्रोलियम कॉलेज के आसपास और हॉस्टलों में शराब की डिलीवरी की शिकायतों के बाद बिशनपुर, दादी की टपरी के निकट कंडोली, प्रेमनगर में छापेमारी की गई।

कार्रवाई के दौरान आदित्य कुमार पुत्र पंकज कुमार, निवासी उत्तर प्रदेश के कमरे और घर के नीचे खड़ी बिना नंबर प्लेट की टीवीएस जुपिटर स्कूटी से 95 बोतल विदेशी शराब तथा 28 कैन बडवाइजर बीयर बरामद की गई। बरामद शराब पर केवल चंडीगढ़ में बिक्री के लिए होने का उल्लेख था। इनमें रेड लेबल और वैलेंटाइन जैसे ब्रांड शामिल हैं। आबकारी विभाग के अनुसार, पूछताछ में आदित्य ने शराब गर्वित उर्फ विक्रांत की होने और उसके कहने पर बिक्री के लिए रखने की बात बताई। विभाग का आरोप है कि गर्वित लंबे समय से क्षेत्र में शराब तस्करी और होम डिलीवरी का नेटवर्क चला रहा था। वह वर्तमान में जेल में बंद है।

विभाग के मुताबिक, गर्वित बिंदोली क्षेत्र में ‘ऑल राउंडर चाचा’ नाम से तीन ढाबे संचालित करता है। आरोप है कि वह छात्रों को पैसों का लालच देकर और डराकर शराब की डिलीवरी कराता था। इसके लिए व्हाट्सऐप ग्रुप, लोकेशन और सेल्फी के जरिए हाजिरी तथा हॉस्टलों में रेट कार्ड भेजने की व्यवस्था भी थी। तस्करी में करीब 10 बिना नंबर प्लेट की स्कूटी इस्तेमाल किए जाने की जानकारी दी गई है। पिछले दो महीनों में विभाग चार स्कूटी जब्त कर चुका है। कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक दिवाकर चौधरी, जयवीर सिंह सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *