देहरादून में जुटेंगे साहित्य और कला जगत के दिग्गज, 26-27 सितंबर को होगा ‘द लिटरेरी टेबल’

– बच्ची करकारिया और देवदत्त पटनायक समेत कई चर्चित लेखक होंगे शामिल

देहरादून। साहित्य और कला प्रेमियों के लिए देहरादून में दो दिवसीय ‘द लिटरेरी टेबल’ लिटरेचर एंड आर्ट्स फेस्टिवल का आयोजन 26 और 27 सितंबर को फेयरफील्ड बाय मैरियट में किया जाएगा। आरोग्य वेलबीइंग ट्रस्ट की लेखक-पाठक पहल के तहत आयोजित इस फेस्टिवल में देश के जाने-माने लेखक, पत्रकार, पौराणिक कथाकार और साहित्यिक एवं बौद्धिक क्षेत्र की हस्तियां शिरकत करेंगी। आयोजकों ने बुधवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी।

फेस्टिवल में चर्चित लेखिका और टाइम्स ऑफ इंडिया की कॉलमिस्ट बच्ची करकारिया तथा पौराणिक कथाकार देवदत्त पटनायक प्रमुख आकर्षण होंगे। इनके अलावा लेखक एवं पत्रकार चंद्रचूड़ घोष, लेखक और शोधकर्ता अनुज धर, पूर्व डीजीपी अशोक कुमार, डॉ. शालिनी मलिक, लेखक एवं प्रकाशक अजिताभ एम. बोस, डॉक्यूमेंट्री फिल्ममेकर रॉबिन रॉय, बेस्टसेलिंग लेखक तरुण महर्षि, लेखिका एवं मनोवैज्ञानिक समृद्धि गुलाटी, अनीता शर्मा, शुभोब्रत मजूमदार, मोना वर्मा और डॉ. आलोका दासगुप्ता नियोगी समेत कई साहित्यिक हस्तियां विभिन्न सत्रों में हिस्सा लेंगी।

फेस्टिवल की शुरुआत 26 सितंबर को दोपहर एक बजे उद्घाटन समारोह से होगी। पहले दिन आठ सत्र आयोजित किए जाएंगे, जबकि 27 सितंबर को भी दोपहर एक बजे से आठ सत्र होंगे। विभिन्न सत्रों का संचालन पूजा खन्ना, डॉ. रूबी गुप्ता, मेजर जनरल आनंद रावत, मोना वर्मा, डॉ. आलोका दासगुप्ता नियोगी, जसलीन कौर, जूही खन्ना, क्रीती अहलावत, जयश्री बनर्जी और गुंजन कवात्रा बलूजा सहित अन्य विशेषज्ञ करेंगे। कार्यक्रम का संचालन मनु आहूजा करेंगे।फेस्टिवल के प्रमुख आकर्षणों में बच्ची करकारिया और देवदत्त पटनायक द्वारा संपादित ‘WATERNAMAH’ पर पुस्तक चर्चा, ‘द लिटरेरी टेबल’ के स्मारिका के तीसरे संस्करण का विमोचन और रॉबिन रॉय की डॉक्यूमेंट्री ‘Embers of Hope’ की स्क्रीनिंग शामिल है। डॉक्यूमेंट्री में अभिनेत्री जीनत अमान ने नैरेशन दिया है।

उद्घाटन समारोह में लेखक एवं आरबीआई, झारखंड के रीजनल डायरेक्टर प्रेम रंजन अनिमेष मुख्य अतिथि होंगे। गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में हिमालय वेलनेस के डॉ. फारूक, दृष्टि आई हॉस्पिटल के डॉ. गौरव लूथरा, डीपीएस भागलपुर के चेयरमैन राजेश श्रीवास्तव तथा ओएनजीसी की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नेबुला बागची और आर.एस. नारायणी सहित अन्य अतिथि मौजूद रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *