देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत थाना सेलाकुई पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर हंगामा और मारपीट कर शांति व्यवस्था भंग करने वाले पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि चकराता रोड स्थित मिलन चौक के पास कुछ लोग आपस में विवाद करते हुए अभद्र व्यवहार और मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना सेलाकुई पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि दोनों पक्षों के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वे और अधिक उग्र होकर आपस में झगड़ने लगे। मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में निजाम (24), कैफ (20), जैद (23), सलमान (24) और महेश (47) शामिल हैं। इनमें चार आरोपी उत्तर प्रदेश के मूल निवासी हैं और वर्तमान में भाऊवाला, सेलाकुई में रह रहे थे, जबकि महेश भाऊवाला का निवासी है। देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, मारपीट, यातायात नियमों का उल्लंघन और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।