आयुष मिशन को मिलेगी रफ्तार, योग अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश

देहरादून। प्रदेश के आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने राष्ट्रीय आयुष मिशन की समीक्षा करते हुए विभागीय योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और आयुष सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में मंत्री ने योग अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।

मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में तैनात योग अनुदेशकों को वर्तमान में 250 रुपये प्रति घंटे के हिसाब से मानदेय दिया जा रहा है। उन्होंने इसे बढ़ाकर 500 रुपये प्रति घंटे किए जाने का प्रस्ताव जल्द तैयार कर केंद्र सरकार को भेजने के निर्देश दिए। बैठक में हरिद्वार जिले के रुड़की में एलोपैथिक विभाग के नए भवन के निर्माण के बाद पुराने भवन को आयुष विभाग को हस्तांतरित किए जाने के संबंध में भी चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक पत्राचार कर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मदन कौशिक ने हरिद्वार स्थित आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज ऋषिकुल और गुरुकुल के उच्चीकरण के लिए राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत केंद्र से बजट मांगने का प्रस्ताव तैयार करने को कहा। इसके साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए प्रदेश के दो पर्वतीय जिलों का चयन कर प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। मंत्री ने पिरान कलियर क्षेत्र में यूनानी चिकित्सालय निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने बताया कि पूर्व में चिन्हित भूमि राष्ट्रीय राजमार्ग की जद में आने के कारण निर्माण कार्य बाधित हो गया है। अब यदि स्थानीय स्तर पर भूमि उपलब्ध होती है तो विभाग नियमानुसार कार्रवाई कर चिकित्सालय भवन निर्माण का प्रस्ताव तैयार करे।

राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने जाखनीधार स्थित 50 बेड के ध्वस्त चिकित्सालय के पुनर्निर्माण में अनियमितताओं की शिकायतों पर जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच में यदि कार्यदायी संस्था से धनराशि की वसूली बनती है तो उसे वापस लिया जाए।इसके अलावा पीपलकोटी स्थित जर्जर आयुष्मान आरोग्य मंदिर भवन के संबंध में जिलाधिकारी से समन्वय कर स्टाफ को सुरक्षित भवन में शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्रों की सूची उपलब्ध कराने और पंचकर्म सहायक, फार्मेसी अधिकारी तथा योग प्राकृतिक चिकित्सा सहायकों को प्रमाण पत्र जल्द वितरित करने को भी कहा। बैठक में सचिव आयुष रंजना राजगुरु, संयुक्त सचिव महावीर सिंह, निदेशक आरके सिंह समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *