देहरादून। परेड ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय आर्किटेक्स–द आर्किटेक्चरल एक्सपो के तीसरे एवं अंतिम दिन पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके आगमन पर पारंपरिक गढ़वाल बैंड और जुन्याली ग्रुप की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। समूह ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया। इसके बाद आयोजकों की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित विशेष पैनल चर्चा में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। चर्चा का संचालन आरजे कुमार गौरव भट्ट ने मॉडरेटर के रूप में किया। पैनल में प्रेम सिंह खिमाल (एमएसएमई), आशीष अरोड़ा, सुनील बिष्ट, एस.एन. प्रजापति, मनोज कुमार, पंकज करगेती और रितेश सिंह शामिल रहे। पैनल चर्चा में वास्तुकला, इंटीरियर डिजाइन, भवन निर्माण, एमएसएमई क्षेत्र की संभावनाओं, स्थानीय उद्यमों को बढ़ावा देने और आधुनिक तकनीकों के उपयोग सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड में निर्माण और डिजाइन से जुड़े क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहे हैं। ऐसे आयोजन उद्योग से जुड़े लोगों को संवाद, नवाचार और सहयोग के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराते हैं। विशेषज्ञों ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों का नियमित रूप से आयोजन किया जाना चाहिए, ताकि युवाओं, उद्यमियों और पेशेवरों को नए अवसर मिल सकें तथा प्रदेश में स्थानीय प्रतिभा और उद्यमों को आगे बढ़ाने का अवसर मिले।
मुख्य अतिथि त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न स्टॉलों पर प्रदर्शित उत्पादों, तकनीकों और नवाचारों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन प्रदेश में उद्यमिता, निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। एक्सपो के अंतिम दिन भी लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और प्रदर्शनी में अच्छी संख्या में लोग पहुंचे। तीन दिनों तक चले इस आयोजन में बड़ी संख्या में आर्किटेक्ट्स, डिजाइनर्स, बिल्डर्स, उद्यमियों, विद्यार्थियों और आम लोगों ने सहभागिता की।आयोजकों ने एक्सपो को सफल आयोजन बताते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से उद्योग और समाज के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के प्रयास जारी रहेंगे।