– शुभांगी और अलीशा ने गर्ल्स डबल में जीता स्वर्ण पदक
देहरादून। हैदराबाद में आयोजित योनेक्स सनराइज आल इंडिया सब जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन प्रतियोगिता में सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल के शटलर का दबदबा रहा। प्रतियोगिता के ब्यायज अंडर-15 में स्कूल के शटलर आदित्य नेगी ने एकल में स्वर्ण पदक हासिल किया जबकि युगल में उसे कांस्य पदक हासिल हुआ। इसके अलावा अलीशा भंडारी एवं शुभांगी चौधरी ने अंडर-17 गर्ल्स डबल्स स्पर्धा में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। शुभांगी चौधरी ने अंडर-17 मिक्स्ड डबल्स स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
बलूनी ग्रुप के एमडी विपिन बलूनी ने इस शानदार जीत के लिए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड बैडमिंटन का हब बनता जा रहा है। निकट भविष्य में यहां के खिलाड़ी दुनिया के क्षितिज पर अपनी रोशनी बिखेरेंगे। हैदराबाद में आयोजित योनेक्स सनराइज आल इंडिया सब जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन प्रतियोगिता में देश भर के खिलाडियों ने प्रतिभाग किया। एसबीपीएस बैडमिंटन एकादमी के कोच ओम सिमल्टी ने बताया कि प्रतियोगिता अंडर-15 ओर अंडर-17 में सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। स्कूल प्रिंसिपल पंकज नौटियाल ने कोच ओम सिमल्टी और पदक विजेताओं को शुभकामनाएं दीं हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।