देहरादून। न्यूट्रिशन माह के तहत उत्तरांचल यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ एप्लाइड एंड लाइफ साइंसेज (SALS) के फूड टेक्नोलॉजी विभाग की ओर से ‘न्यूट्रा फेस्ट’ का आयोजन किया गया। ‘डिस्कवर पावर ऑफ न्यूट्रिशन’ थीम पर आयोजित फेस्ट का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वस्थ खान-पान, पोषण, फूड इनोवेशन और टिकाऊ खाद्य विकल्पों के प्रति जागरूक करना रहा।
फेस्ट का उद्घाटन यूनिवर्सिटी के प्रेसिडेंट जितेंद्र जोशी, वाइस चांसलर धर्म बुद्धि, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अभिषेक जोशी और स्कूल ऑफ एप्लाइड एंड लाइफ साइंसेज के डायरेक्टर डॉ. अजय सिंह ने किया। इस दौरान यूनिवर्सिटी के फैकल्टी मेंबर्स, स्टाफ और विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।न्यूट्रा फेस्ट में विद्यार्थियों ने पौष्टिक, स्वास्थ्यवर्धक और इनोवेटिव फूड प्रोडक्ट तैयार कर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। छात्रों ने पारंपरिक खाद्य पदार्थों में पोषण से जुड़े बदलाव करते हुए कई नए विकल्प प्रस्तुत किए। इनमें मैदे की जगह चावल की शीट से तैयार किए गए समोसा रैप, सोया चीला, हेल्दी मोमोज समेत कई अन्य फूड प्रोडक्ट आकर्षण का केंद्र रहे।
विद्यार्थियों ने प्रोडक्ट तैयार करते समय उसके पोषण मूल्य, स्वाद, स्वच्छता, प्रस्तुतीकरण और नवाचार पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने विजिटर्स को अपने उत्पादों में इस्तेमाल किए गए इंग्रीडिएंट्स, निर्माण प्रक्रिया, पोषण संबंधी लाभ और उनकी विशेषताओं के बारे में भी जानकारी दी। फेस्ट के माध्यम से विद्यार्थियों ने प्रदर्शित किया कि फूड टेक्नोलॉजी के जरिए पारंपरिक खाद्य उत्पादों को अधिक पौष्टिक, स्वास्थ्यवर्धक और नए स्वरूप में विकसित किया जा सकता है। कार्यक्रम ने छात्रों को कक्षा में अर्जित ज्ञान को व्यावहारिक और रचनात्मक तरीके से प्रयोग करने का अवसर भी प्रदान किया।
न्यूट्रा फेस्ट के जरिए स्वस्थ खान-पान, बेहतर पोषण और संतुलित जीवनशैली का संदेश दिया गया। आयोजकों के अनुसार, इस पहल ने विद्यार्थियों को नए और स्वास्थ्यवर्धक फूड सॉल्यूशन विकसित करने के लिए प्रेरित किया तथा समाज के लिए पौष्टिक खाद्य उत्पाद तैयार करने में फूड टेक्नोलॉजी की भूमिका को रेखांकित किया।