रंगों में बच्चों ने रचा विकसित भारत का सपना, चित्रकला प्रतियोगिता में दिखी प्रतिभा

देहरादून। सेवा संकल्प अभियान के तहत राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ में चित्रकला, पेंटिंग, निबंध एवं कविता प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा और कल्पनाशीलता का शानदार प्रदर्शन किया। रंगों और शब्दों के माध्यम से बच्चों ने विकसित भारत की परिकल्पना को भी जीवंत किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय पार्षद सोबत चंद्र रमोला रहे। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविंद सिंह सोलंकी ने कहा कि ‘विकसित भारत-2047’ की परिकल्पना को साकार करने के लिए देश को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य है। इसके लिए नागरिकों के जीवन स्तर, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, तकनीक, स्वच्छता, पर्यावरण, आधारभूत ढांचे और सामाजिक समावेशन के क्षेत्र में व्यापक सुधार आवश्यक हैं।

समाजसेवी राहुल सेमवाल ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा—

“रंगों से सजे सपने, प्रतिभा से सजे अरमान,
बच्चों की मेहनत से रोशन हो अपना हिंदुस्तान।”

उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्य अतिथि सोबत चंद्र रमोला और उपस्थित समाजसेवियों ने प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा पांच की वैष्णवी ने प्रथम, कक्षा चार की कोमल ने द्वितीय, कक्षा चार के प्रिंस ने तृतीय और कक्षा पांच की याचिका पाल ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में कोमल और कविता प्रतियोगिता में अंशिका विजेता रहीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्षद सोबत चंद्र रमोला ने कहा कि विकसित भारत का सपना सामूहिक सहयोग से ही साकार हो सकता है। उन्होंने कहा कि आज विद्यालयों में पढ़ रहे बच्चे ही वर्ष 2047 की परिकल्पना को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर समाजसेवी अक्षत सकलानी, जगदीश भट्ट, प्रधानाध्यापक अरविंद सिंह सोलंकी, सहायक अध्यापक मीना घिल्डियाल, मधुलिका, वीरेंद्र उनियाल, भोजन माता लक्ष्मी देवी, विमला देवी सहित अभिभावक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *