उन्नति की उपलब्धि पर देहरादून गौरवान्वित, महापौर ने घर पहुंचकर किया सम्मान

देहरादून। अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर शानदार प्रदर्शन कर देश और उत्तराखंड का मान बढ़ाने वाली देहरादून की जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा को महापौर सौरभ थपलियाल ने उनके गोरखपुर शाहनगर स्थित आवास पर पहुंचकर सम्मानित किया। कॉमनवेल्थ गेम्स ग्लासगो-2026 में महिला जूडो के 63 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतने वाली उन्नति को महापौर ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

महापौर ने कहा कि उन्नति शर्मा ने अपनी मेहनत, अनुशासन और खेल प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी यह उपलब्धि देहरादून और पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि उन्नति की सफलता प्रदेश की उन बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देख रही हैं। उन्होंने कहा कि खेलों में सफलता हासिल करने के लिए प्रतिभा के साथ निरंतर मेहनत और दृढ़ संकल्प जरूरी है। उन्नति ने अपने प्रदर्शन से यह साबित किया है कि उत्तराखंड की बेटियां अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी देश का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक जीतने की क्षमता रखती हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान उन्नति ने 63 किलोग्राम भार वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक मुकाबले में जीत दर्ज की। उनकी इस सफलता के बाद उनके घर और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजनों ने भी उन्नति की उपलब्धि पर खुशी जताई और इसे वर्षों की मेहनत का परिणाम बताया। महापौर ने उन्नति को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि वह आने वाले समय में देश के लिए और बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगी। इस अवसर पर उन्नति के परिजनों के साथ पार्षद देवेंद्र गैरोला और आशीष यादव भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *