देहरादून। देहरादून में लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार को संतला देवी मंदिर के समीप एक बड़ा हादसा टल गया। नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से सात लोग बीच धारा में बने टापू पर फंस गए। चारों ओर उफनती नदी से घिरे लोगों के लिए बाहर निकलना नामुमकिन हो गया। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और जोखिम भरा अभियान चलाकर सभी को सकुशल बाहर निकाल लिया।
कंट्रोल रूम (सीसीआर) से सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ पोस्ट सहस्त्रधारा से उप निरीक्षक राजबर राणा के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर नदी का बहाव अत्यधिक तेज था और फिसलन भरे किनारों के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ था।एसडीआरएफ ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाकर विशेष रेस्क्यू उपकरणों की मदद से नदी के बीच बने टापू तक पहुंच बनाई। जवानों ने बेहद सतर्कता और पेशेवर कौशल का परिचय देते हुए एक-एक कर सभी सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। टीम की त्वरित कार्रवाई से एक संभावित जनहानि टल गई। रेस्क्यू किए गए लोगों में बल्लीवाला निवासी मुकेश (35) तथा सीमाद्वार निवासी सुशील (36), प्रेम कुमार (27), रोशन गुप्ता (32), राजीव (30), पवन सिंह (25) और सूरज साहनी (30) शामिल हैं।
