गोल्फ में एसबीपीएस के समृद्ध का दमदार प्रदर्शन, नॉर्थ जोन टूर्नामेंट में जीता कांस्य

देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) के कक्षा 11 के छात्र और उदीयमान गोल्फर समृद्ध चंद ठाकुर ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए आईजीयू नॉर्थ जोन गोल्फ टूर्नामेंट-2026 में कांस्य पदक हासिल किया। चंडीगढ़ के फॉरेस्ट हिल गोल्फ कोर्स में 15 और 16 अगस्त को आयोजित प्रतियोगिता में समृद्ध ने तीसरा स्थान प्राप्त कर स्कूल और उत्तराखंड का नाम रोशन किया।

प्रतियोगिता में उत्तर भारत के विभिन्न स्कूलों और गोल्फ अकादमियों के 105 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बीच समृद्ध ने पूरे टूर्नामेंट में धैर्य, संयम और बेहतरीन खेल कौशल का परिचय दिया। उनके प्रदर्शन के आधार पर उन्हें कांस्य पदक के साथ ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। प्रतियोगिता से पदक जीतकर स्कूल लौटे समृद्ध का स्कूल परिसर में जोरदार स्वागत किया गया। इस उपलब्धि पर बलूनी ग्रुप के एमडी विपिन बलूनी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि गोल्फ ऐसा खेल है, जिसमें शारीरिक क्षमता के साथ एकाग्रता, धैर्य और अनुशासन की भी बड़ी भूमिका होती है। कम उम्र में समृद्ध ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है, वह उनके उज्ज्वल भविष्य की संभावनाओं को दर्शाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि समृद्ध आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर स्कूल और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। स्कूल के प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने भी समृद्ध की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समृद्ध की सफलता स्कूल के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *