– सत्र 2026–27 के लिए सीनियर और जूनियर प्रीफेक्टोरियल बॉडी का गठन
देहरादून। एडिफाई वर्ल्ड स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए इन्वेस्टिचर सेरेमनी का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में विद्यालय की सीनियर एवं जूनियर प्रीफेक्टोरियल बॉडी का गठन करते हुए नव-निर्वाचित छात्र-छात्राओं को नेतृत्व की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, उत्तरदायित्व और सेवा भावना का विकास करना रहा।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के निदेशक एडवोकेट डॉ. पंकज होलकर तथा प्रधानाचार्य प्रदीप गौड़ ने हेड बॉय, हेड गर्ल, स्पोर्ट्स कैप्टन, हाउस कैप्टन और प्रीफेक्ट्स को बैज एवं सैश पहनाकर सम्मानित किया। इसके बाद सभी छात्र-नेताओं ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेते हुए विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने तथा ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्व निभाने का संकल्प लिया। एडवोकेट डॉ. पंकज होलकर ने कहा कि सच्चा नेतृत्व पद से नहीं, बल्कि आचरण, अनुशासन और सेवा भावना से स्थापित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नैतिक मूल्यों और सत्यनिष्ठा को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।प्रधानाचार्य प्रदीप गौड़ ने कहा कि नेतृत्व केवल अधिकार नहीं बल्कि जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्र-नेताओं से स्वयं अनुशासन का पालन करते हुए अपने व्यवहार और कार्यों से अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि नई प्रीफेक्टोरियल टीम विद्यालय की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए उत्कृष्ट नेतृत्व का परिचय देगी। इस अवसर पर सीनियर प्रीफेक्टोरियल बॉडी में कक्षा 12 के अभिनव भट्ट को हेड बॉय, अन्वेशा सेमवाल को हेड गर्ल, पीयूष असवाल और प्रकृति थापा को स्पोर्ट्स कैप्टन चुना गया। विभिन्न हाउसों के लिए हाउस कैप्टन और प्रीफेक्ट्स की भी घोषणा की गई। वहीं जूनियर प्रीफेक्टोरियल बॉडी में कक्षा 5 के अतिक्ष सूर्याल को हेड बॉय तथा सिद्धांता रावत को हेड गर्ल की जिम्मेदारी सौंपी गई। चारों हाउसों के जूनियर हाउस कैप्टनों का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने सभी नव-निर्वाचित छात्र-नेताओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल नेतृत्व की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि नई प्रीफेक्टोरियल टीम अपने अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यशैली से विद्यालय का नाम नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
