एशियाई खेलों के स्वर्णिम नायकों का सम्मान, पीएनबी ने अभिषेक-सुखजीत को नवाजा

नई दिल्ली। एशियाई खेल 2026 में भारतीय हॉकी को स्वर्णिम सफलता दिलाने वाले ओलंपियन और अर्जुन पुरस्कार विजेता अभिषेक और सुखजीत सिंह को पंजाब नैशनल बैंक (पीएनबी) ने सम्मानित किया। दोनों खिलाड़ी पीएनबी परिवार के सदस्य भी हैं। नई दिल्ली के द्वारका, सेक्टर-10 स्थित पीएनबी के कॉर्पोरेट कार्यालय में आयोजित विशेष सम्मान समारोह में बैंक के एमडी एवं सीईओ अशोक चंद्र ने दोनों हॉकी सितारों को सम्मानित किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों के साथ विशेष संवाद सत्र भी आयोजित किया गया।

एशियाई खेलों के सेमीफाइनल में भारत का सामना पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से हुआ। बेहद रोमांचक मुकाबले में भारत ने 4-3 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। इस मुकाबले के 60वें मिनट में अभिषेक ने निर्णायक गोल दागकर भारत की जीत सुनिश्चित की। दबाव से भरे इस मुकाबले में उनका प्रदर्शन भारतीय टीम के लिए निर्णायक साबित हुआ। फाइनल में भारत ने मलेशिया को 5-1 से हराकर शानदार अंदाज में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई किया। फाइनल में सुखजीत सिंह ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए भारतीय आक्रमण को मजबूती दी और टीम की ऐतिहासिक जीत में अहम योगदान दिया।

अभिषेक राष्ट्रमंडल खेल 2022 के रजत पदक और एशियाई खेल 2022 के स्वर्ण पदक विजेता हैं। वह पेरिस 2024 ओलंपिक और एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2024 में भी भारतीय टीम का हिस्सा रहे। एशिया कप 2025 में उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया था। अपनी तेज रफ्तार और आक्रामक खेल के लिए पहचाने जाने वाले अभिषेक भारतीय हॉकी के प्रमुख फॉरवर्ड बनकर उभरे हैं। वहीं, सुखजीत सिंह राष्ट्रमंडल खेल 2022 के रजत पदक, एशियाई खेल 2022 के स्वर्ण पदक विजेता और 2023 व 2024 की एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं। वह पेरिस 2024 ओलंपिक में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

पीएनबी के एमडी एवं सीईओ अशोक चंद्र ने कहा कि अभिषेक और सुखजीत के शानदार प्रदर्शन ने भारतीय हॉकी और पूरे पीएनबी परिवार का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि बैंक राष्ट्रीय खेल हॉकी के साथ अन्य खेल प्रतिभाओं को भी निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा। पीएनबी देशभर में जमीनी स्तर पर हॉकी प्रतिभाओं को तैयार करने के लिए समर्पित हॉकी अकादमी भी संचालित करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *