देहरादून। उत्तरांचल यूनिवर्सिटी ने टाइम्स हायर एजुकेशन (THE) सस्टेनेबिलिटी इम्पैक्ट रैंकिंग्स 2026 में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए भारत के शीर्ष संस्थानों में स्थान हासिल किया है। संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) पर आधारित इस वैश्विक रैंकिंग में विश्वविद्यालय ने कई प्रमुख श्रेणियों में शानदार उपलब्धियां दर्ज की हैं।
एसडीजी-16 (शांति, न्याय एवं सशक्त संस्थान) में उत्तरांचल यूनिवर्सिटी ने भारत में 5वां स्थान प्राप्त किया है। वहीं एसडीजी-13 (जलवायु कार्रवाई) में 7वां, एसडीजी-2 (भुखमरी मुक्त विश्व) में 16वां तथा एसडीजी-7 (सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा) में 21वां स्थान हासिल किया है। इस प्रदर्शन के साथ विश्वविद्यालय देश के अग्रणी सतत विकास उन्मुख संस्थानों की श्रेणी में शामिल हो गया है। वैश्विक स्तर पर भी विश्वविद्यालय ने अपनी स्थिति में सुधार दर्ज किया है। वर्ष 2025 में 801–1000 बैंड में शामिल रहने के बाद अब यह वर्ष 2026 में 601–800 वैश्विक बैंड में पहुंच गया है, जो लगभग 200 पायदानों की उल्लेखनीय प्रगति को दर्शाता है। यह रैंकिंग 24 जून 2026 को जारी की गई, जिसमें 116 देशों के 1,600 से अधिक विश्वविद्यालयों का मूल्यांकन किया गया था। इस उपलब्धि के साथ उत्तरांचल यूनिवर्सिटी ने कई प्रमुख सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों के बीच अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि यह प्रदर्शन संस्थान की शोध-उन्मुख नीति और सतत विकास के प्रति दीर्घकालिक प्रतिबद्धता का परिणाम है।
विश्वविद्यालय के अध्यक्ष जितेंद्र जोशी ने इसे अकादमिक उत्कृष्टता और सामाजिक प्रभाव की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उपाध्यक्ष सुश्री अंकिता जोशी ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।कुलपति प्रो. धर्म बुद्धि ने कहा कि यह रैंकिंग गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध और सतत विकास लक्ष्यों के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस उपलब्धि में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। साथ ही ई. राजेश देवराड़ी (निदेशक, IQAC), ई. सुधीर जुगरान (सहायक प्रबंधक, IQAC), संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों को इस सफलता के लिए बधाई दी गई।