– कृतिका राणा ने जीता रजत पदक
-एयर राइफल टीम ने भी हासिल किया सिल्वर
देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) की महिला निशानेबाजों ने सीबीएसई नॉर्थ जोन शूटिंग चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता ट्रॉफी अपने नाम की। प्रतियोगिता में एसबीपीएस की शूटर कृतिका राणा ने व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक जीतकर स्कूल का गौरव बढ़ाया, वहीं एयर राइफल टीम स्पर्धा में भी स्कूल की टीम ने सिल्वर मेडल हासिल किया।
ग्रेटर नोएडा स्थित जेबी पब्लिक स्कूल में आयोजित सीबीएसई नॉर्थ जोन शूटिंग चैंपियनशिप में उत्तर भारत के 600 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में एसबीपीएस की निशानेबाजों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। एसबीपीएस शूटिंग अकादमी के कोच अक्षय आनंद ने बताया कि अंडर-19 महिला वर्ग की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में कृतिका राणा ने 400 में से 394 अंक अर्जित कर रजत पदक अपने नाम किया। इसके अलावा बालिका एयर राइफल टीम इवेंट में दिशा राजपूत, कृतिका राणा और परी सोनी की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सामूहिक रजत पदक जीता। एसबीपीएस की टीम ने अंडर-19 महिला वर्ग में ओवरऑल प्रदर्शन के आधार पर रनरअप ट्रॉफी भी हासिल की। स्कूल पहुंचने पर विजेता खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया।
बलूनी ग्रुप के एमडी विपिन बलूनी ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और लगन से स्कूल का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि तेलंगाना में होने वाली सीबीएसई नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में भी खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर पदक हासिल करेंगे। स्कूल के प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने सभी विजेता खिलाड़ियों और कोच को बधाई देते हुए कहा कि एसबीपीएस खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए लगातार बेहतर मंच उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
