देहरादून। देहरादून में आयोजित STAG Global प्रथम उत्तराखण्ड टेबल टेनिस रैंकिंग चैम्पियनशिप-2026 के दूसरे दिन अंडर-13 वर्ग के मुकाबलों में युवा खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। बालिका वर्ग में नैनीताल की मानवी कोरंगा और बालक वर्ग में देहरादून के हिमांश आनंद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने वर्ग का खिताब जीत लिया।
देहरादून जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन (DDTTA) की ओर से उत्तराखण्ड टेबल टेनिस एसोसिएशन (UKTTA) के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में दूसरे दिन अंडर-13 वर्ग के मुकाबलों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। प्रतियोगिता के बाद महिला एवं पुरुष वर्ग के मैच भी शुरू हुए। बालिका अंडर-13 वर्ग के फाइनल में मानवी कोरंगा ने देहरादून की जाह्नवी रावत को 3-1 से हराकर चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया। मानवी ने पहले दो गेम आसानी से अपने नाम किए, जबकि तीसरे गेम में जाह्नवी ने वापसी की। हालांकि चौथे गेम में मानवी ने संयमित खेल दिखाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। वहीं बालक अंडर-13 वर्ग में हिमांश आनंद ने सेमीफाइनल में सार्थक बिष्ट को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरी ओर चमोली के शार्दुल नेगी ने अथर्वा को सीधे सेटों में पराजित कर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। फाइनल में दोनों खिलाड़ियों के बीच पांच सेट तक कड़ा संघर्ष देखने को मिला। आखिरकार हिमांश आनंद ने निर्णायक सेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-2 से जीत दर्ज कर चैम्पियनशिप पर कब्जा जमाया।
समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में उत्तराखण्ड टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष चेतन गुरूंग ने बालक वर्ग और कोषाध्यक्ष गिरीश मधवाल ने बालिका वर्ग के विजेताओं को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर एसोसिएशन के सचिव प्रिंस विपोन, आयोजन सचिव के.के. शर्मा, रेफरी एस.सी. भट्ट, आसिफ अहमद सहित कई पदाधिकारी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के आगामी चरणों में विभिन्न आयु वर्गों और सीनियर वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे।
