एसबीपीएस के शटलर आदित्य का योनेक्स सनराइज नेशनल टूर्नामेंट में जलवा, जीता सिल्वर मेडल

– एशियाई बैडमिंटन चैम्पियनशिप के लिए किया क्वालिफाई

देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) के छात्र एवं उभरते बैडमिंटन खिलाड़ी आदित्य नेगी ने योनेक्स सनराइज नेशनल रैंकिंग टूर्नामेंट-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-15 बालक युगल वर्ग में रजत पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ उनका चयन एशियाई अंडर-15 बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए भी हो गया है, जिसका आयोजन चीन के चेंगदू शहर में किया जाएगा।

बेंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय रैंकिंग प्रतियोगिता में आदित्य ने अपने जोड़ीदार के साथ पूरे टूर्नामेंट में प्रभावशाली खेल का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में भी उन्होंने कड़ी चुनौती पेश की और उपविजेता रहते हुए रजत पदक हासिल किया। एसबीपीएस बैडमिंटन अकादमी के प्रशिक्षक ओम सिमल्टी ने बताया कि आदित्य ने प्रतियोगिता के दौरान बेहतरीन तकनीक और आत्मविश्वास का परिचय दिया। अब वह एशियाई चैंपियनशिप की तैयारियों में जुट गए हैं, जहां उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने आदित्य को इस सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय और प्रदेश दोनों के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि आदित्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगे। विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने भी आदित्य को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आदित्य भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *