एसबीपीएस में छात्रों ने सीखा सीपीआर का जीवनरक्षक कौशल, हृदय स्वास्थ्य पर विशेषज्ञों ने किया जागरूक

– जागरूकता कार्यशाला में संतुलित आहार, स्वस्थ जीवनशैली और आपातकालीन प्राथमिक चिकित्सा की दी जानकारी

देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) में बुधवार को छात्रों के लिए हृदय स्वास्थ्य एवं प्राथमिक चिकित्सा विषय पर विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को हृदय रोगों से बचाव, संतुलित आहार, स्वस्थ जीवनशैली और आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने वाले उपायों की जानकारी दी।

कार्यशाला का संचालन चारधाम अस्पताल के निदेशक एवं वरिष्ठ जनरल फिजिशियन डॉ. के.पी. जोशी ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि नियमित व्यायाम, पौष्टिक एवं संतुलित भोजन तथा स्वस्थ दिनचर्या अपनाकर हृदय संबंधी बीमारियों के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने कम उम्र से ही स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान जनरल फिजिशियन डॉ. सुकृति और उनकी टीम ने छात्रों को सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) का लाइव प्रदर्शन कर इसकी उपयोगिता समझाई। उन्होंने बताया कि हृदयाघात जैसी आपात स्थिति में समय पर और सही तरीके से सीपीआर देकर किसी व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है। विद्यार्थियों ने प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सीपीआर का व्यावहारिक अभ्यास भी किया और प्राथमिक चिकित्सा के महत्वपूर्ण गुर सीखे।

बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि उन्हें ऐसे जीवनरक्षक कौशल भी सिखाना है, जो भविष्य में उनके साथ-साथ समाज के लिए भी उपयोगी साबित हों। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता और प्राथमिक चिकित्सा का ज्ञान प्रत्येक छात्र के लिए आवश्यक है। कार्यक्रम में स्वच्छ भारत अभियान के ब्रांड एंबेसडर राकेश डंगवाल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम छात्रों में स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें आपात परिस्थितियों में आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा भी देते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *