देहरादून। मुख्यमंत्री के’ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत चल रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ में दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना रायपुर पुलिस ने एक अंतरराज्यीय नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 30 लाख रुपये मूल्य की 48.55 ग्राम एमडीएमए (MDMA) और 40.75 ग्राम स्मैक बरामद की है।
बुधवार को एसएसपी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता एसपी अपराध/यातायात जितेंद्र चौधरी ने घटना से जुड़ी जानकारी साझा की। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दानिश पुत्र नजीर अहमद (32 वर्ष) निवासी ग्राम नागल सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) है। आरोपी सहारनपुर से प्रतिबंधित मादक पदार्थों की खेप लेकर देहरादून पहुंचा था और शहर में होने वाली हाई-प्रोफाइल पार्टियों में इसकी सप्लाई करने की तैयारी में था।रायपुर पुलिस को 21 जुलाई को गोपनीय सूचना मिली थी कि एमडीएमए की बड़ी खेप देहरादून लाई गई है। सूचना के आधार पर पुलिस ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। 21 और 22 जुलाई की मध्यरात्रि अरण्य विहार क्षेत्र में एक खाली प्लॉट के पास से आरोपी को दबोच लिया गया। तलाशी में उसके पास से 48.55 ग्राम एमडीएमए और 40.75 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना रायपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/22 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह मादक पदार्थ सहारनपुर के एक स्थानीय तस्कर से खरीदकर लाया था। उसका मकसद देहरादून में आयोजित होने वाली हाई-प्रोफाइल पार्टियों में इसे ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाना था। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में नशा तस्करी से जुड़े कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।