- सांस्कृतिक संध्या में लोक नृत्य व गीत की प्रस्तुति ने समा बांधा
- भारत और नेपाल के बीच बेटी और रोटी का संबंध
देहरादून I गोरखा दशै-दीपावली महोत्सव के दूसरे दिन सांस्कृतिक संध्या में आकर्षक एवं भव्य प्रस्तुतियों ने सभी को दीवाना और मदहोश बना दिया। गोरखा समुदाय की पारंपरिक वेशभूषा,आकर्षक परिधान और उसकी पारंपरिक भव्यता को लेकर भारी उत्साह दिखाई पड़।
शनिवार को महेंद्रा ग्राउंड आयोजित मेले का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि काबीना मंत्री सतपाल महाराज ने किया। सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत बाल कलाकारों की प्रस्तुति गुरु वन्दना कत्थक नृत्य से हुई। इसके बाद सिंधुली महिला कलाकारों ने अपने पारंपरिक ढोल दमाऊ, ढोलक, थाली आदि के साथ आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया I मेले में कलाकारों ने कॉमेडी को प्रस्तुत कर दर्शकों को खूब गुदगुदाया। कलाकारों ने गोरखाली भाषा में प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज में फैली कुरीतियों को दर्शाकर उनका विरोध करने का संकल्प लिया। वहीं गोरखाली पुरुष कलाकारों ने खुखरी नृत्य की प्रस्तुति देते हुए सेना के शौर्य को जोश के साथ मंच पर दर्शाया। इसके अलावा लाइव नेपाली बैंड सोनाली राय की प्रस्तुति खासा आकर्षण का केंद्र रहा। वीर गोरखा कल्याण समिति के अध्यक्ष कमल थापा ने बताया कि भारत और नेपाल के बीच बेटी और रोटी का संबंध है और यह उत्सव इसी संबंध को जागृत करता है। पर्वतारोही कैप्टन प्रवीन थापा व ओलम्पस स्कूल के चेयरमैन व फिल्म निदेशक कुणाल शमशेर मल्ला को गोरखा एचीवर अवार्ड देकर सम्मानित किया गया I
इस मौके पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष उर्मिला तमांग,उपाध्यक्ष सूर्य बिक्रम शाही, महासचिव विशाल थापा, कोषाध्यक्ष/मीडिया प्रभारी टेकु थापा, सचिव देविन शाही, सह-सचिव आशु थापा, सांस्कृतिक सचिव देव कला दिवान, सह सांस्कृतिक सचिव करमिता थापा, संगठन मंत्री लोकेश बन, सोनु गुरुंग, सदस्य पूरन बहादुर थापा, यामु राना, सोना शाही, ज्योति राना , बबिता गुरुंग ,एनबी थापा, बुद्धेश राई, मीन गुरुंग आदि मौजूद रहे।