– इरा रावत ने कांस्य तो मनस्वी पंवार ने जीते दो रजत
देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) की तैराक इरा रावत और मनस्वी पंवार ने अहमदाबाद में आयोजित अस्मिता खेलो इंडिया स्विमिंग नेशनल लीग में शानदार प्रदर्शन किया। दोनों खिलाड़ियों ने स्कूल और प्रदेश को दो रजत और एक कांस्य पदक दिलाया।
बलूनी ग्रुप के एमडी विपिन बलूनी ने दोनों तैराकों को स्कूल में सम्मानित किया और कहा कि दोनों तैराक प्रदेश और देश के लिए तैराकी में नई उम्मीदें लेकर आई हैं। दोनों तैराक नेशनल और इंटरनेशनल इंवेंट में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगी। अहमदाबाद के वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में में 12 से 14 अप्रैल तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से 80 से अधिक तैराकों ने हिस्सा लिया। इरा रावत ने अंडर-15 आयु वर्ग की 50 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। वहीं मनस्वी पवार ने अंडर-18 आयु वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 मीटर फ्रीस्टाइल और 50 मीटर बैकस्ट्रोक दोनों स्पर्धाओं में रजत पदक अपने नाम किए। प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने दोनों छात्राओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
