– एसएसपी की सख्त रणनीति रंग लाई
देहरादून। दून पुलिस ने विकासनगर क्षेत्र में बंद मकान में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 70 हजार रुपये नकद, करीब 2 लाख रुपये की ज्वैलरी, जरूरी दस्तावेज और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 6 अप्रैल को अजीतनगर बाईपास रोड स्थित एक बंद घर में चोरी की घटना सामने आई थी, जिस पर कोतवाली विकासनगर में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की पहचान के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।लगातार प्रयासों के बाद 20 अप्रैल को पुलिस ने बाईपास रोड स्थित त्यागी फार्म हाउस के पास चेकिंग के दौरान तीन अभियुक्त—इस्तियाक, अनीश और नफीस—को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और बंद घरों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। वारदात के बाद पुलिस से बचने के लिए उन्होंने चोरी का सामान घटनास्थल से कुछ दूरी पर छिपा दिया था, जिसे लेने के दौरान वे पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त अनीश का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पहले भी चोरी व आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस टीम की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
