– चारधाम यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
देहरादून। गढ़वाल मंडल में लगातार हो रही बारिश के बीच आयुक्त आनंद स्वरूप ने आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मंडल के सभी जिलाधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
आयुक्त ने निर्देश दिए कि बारिश के कारण अवरुद्ध सभी मोटर मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द यातायात के लिए खोला जाए। साथ ही सरकारी और निजी संपत्तियों को हुए नुकसान का तत्काल आकलन कर जनहानि और पशुहानि के मामलों में प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता राशि समय पर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नदी-नालों और गाड़-गदेरों के किनारे रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। खतरे की स्थिति में उन्हें तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर भोजन, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में जलभराव रोकने के लिए जल निकासी व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी भी आपदा की सूचना मिलने पर राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जाएं। उन्होंने बताया कि सभी जिलों को आपदा राहत मद में पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई गई है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त धनराशि के लिए शासन को तुरंत प्रस्ताव भेजा जाए। बैठक में आपदा प्रभावितों को वितरित की गई सहायता राशि और आपदा न्यूनीकरण से जुड़े लंबित प्रस्तावों की भी समीक्षा की गई।
चारधाम यात्रा पर विशेष फोकस
चारधाम यात्रा की समीक्षा करते हुए आनंद स्वरूप ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रतिकूल परिस्थितियों में यात्रा को एहतियातन अस्थायी रूप से रोकने तथा यात्रियों को सुरक्षित पड़ावों पर ठहराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और आपदा प्रबंधन तंत्र को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके। बैठक में अपर आयुक्त उत्तम सिंह चौहान सहित देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी के जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
