बारिश से प्रभावित क्षेत्रों का कैबिनेट मंत्री ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए त्वरित राहत और सुरक्षा के निर्देश

– संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बढ़ाने पर जोर

देहरादून। लगातार हो रही बारिश के बीच कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने कंडोली चिड़ोवाली, आर्य नगर नई बस्ती, केनाल रोड समेत अन्य क्षेत्रों में पहुंचकर बारिश से हुए नुकसान का निरीक्षण किया और अधिकारियों को राहत एवं सुरक्षा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान मंत्री ने स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासन को निर्देशित किया कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। कंडोली चिड़ोवाली क्षेत्र में बरसाती पानी से पुश्ते के कटाव को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित विभागों को तत्काल मरम्मत और सुरक्षा कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। आर्य नगर नई बस्ती में क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आवागमन जल्द सामान्य बनाया जाए। साथ ही उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी रखने, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी बनाए रखने के निर्देश दिए। गणेश जोशी ने कहा कि बारिश के मौसम में प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहे और किसी भी आपात स्थिति में बिना देरी के राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। निरीक्षण के दौरान सुरेंद्र राणा, योगेश घाघट सहित जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *