देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित रक्तदान शिविर में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में देर शाम तक 300 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में हर वर्ष की तरह इस बार भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। देहरादून में डेंगू और स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच जरूरतमंद मरीजों की सहायता के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में विभिन्न पाठ्यक्रमों के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने रक्तदान किया। शिविर का आयोजन विश्वविद्यालय की एनएसएस यूनिट की ओर से किया गया। इस दौरान एनएसएस यूनिट के प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर डॉ. ए.एस. शुक्ला सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। शिविर देर शाम तक चला, जिसमें कुल 300 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।