देहरादून/बदरीनाथ। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष कार्यालय में तैनात व्यक्तिगत सहायक प्रमोद नौटियाल के खिलाफ चढ़ावे से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। विभागीय निलंबन के बाद अब मामला आपराधिक जांच के दायरे में पहुंच गया है।
बीकेटीसी के मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान की लिखित तहरीर पर थाना बदरीनाथ में 8 जुलाई 2026 को एफआईआर संख्या 0006 दर्ज की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 306 और 316(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। तहरीर के अनुसार, 2 जुलाई 2026 को सोशल मीडिया पर बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितता की जानकारी सामने आने के बाद बीकेटीसी ने तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया था। समिति की प्रारंभिक जांच में यह उल्लेख किया गया कि संबंधित कार्मिक द्वारा सुबह लगभग 9 बजे से 9:30 बजे के बीच मंदिर की धनराशि कथित रूप से अनधिकृत तरीके से उठाई गई, जिसके प्रथम दृष्टया संकेत मिले। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर बीकेटीसी ने 7 जुलाई को प्रमोद नौटियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। समिति का कहना था कि उन्हें पद पर बनाए रखने से निष्पक्ष जांच प्रभावित हो सकती है। अब मंदिर समिति की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद मामले की जांच पुलिस ने अपने हाथ में ले ली है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष विवेचना की जाएगी।