जागर सम्राट डॉ. प्रीतम भरतवाण की जागरों ने बांधा समा, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद

– माँ कालिंका देव डोली मंदिर का आठवाँ वार्षिक उत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ सम्पन्न

देहरादून। राजधानी स्थित माँ कालिंका देव डोली मंदिर में शुक्रवार को आठवाँ वार्षिक उत्सव श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। धार्मिक अनुष्ठानों, भजन-कीर्तन, विशेष जागरण और प्रसाद वितरण के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माँ के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। दिनभर मंदिर परिसर में भक्ति का वातावरण बना रहा। सुबह की आराधना से शुरू हुआ धार्मिक आयोजन देर शाम तक भजन-कीर्तन और विशेष जागरण के साथ जारी रहा। आयोजन के पीठाधीश एवं मुख्य संयोजक परमजीत नेगी ने बताया कि इस अवसर पर उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध जागर गायक एवं जागर सम्राट डॉ. प्रीतम भरतवाण मुख्य आकर्षण रहे। उन्होंने अपने मधुर एवं भावपूर्ण जागरों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया और श्रद्धालुओं ने जमकर भक्ति रस का आनंद लिया। कार्यक्रम में पहुंचे कई श्रद्धालुओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि माँ कालिंका के दरबार में आने के बाद उनके जीवन की अनेक समस्याओं का समाधान हुआ और उन्हें मानसिक शांति एवं नई ऊर्जा की अनुभूति हुई। परमजीत नेगी ने कहा कि श्रद्धालुओं ने समय पर पहुंचकर और आयोजन समिति के निर्देशों का पालन कर कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं, स्थानीय सहयोगियों और आयोजन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने कहा कि माँ कालिंका देव डोली मंदिर का वार्षिक उत्सव क्षेत्र की लोक-धार्मिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ ही सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि डॉ. प्रीतम भरतवाण की प्रस्तुति ने विशेष रूप से युवा पीढ़ी को भी अपनी लोक-सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य किया।उल्लेखनीय है कि माँ कालिंका देव डोली मंदिर का वार्षिक उत्सव पिछले आठ वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है और यह आयोजन अब क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *