जिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता में सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल का दबदबा, जीते 16 पदक

देहरादून। ओलंपिक दिवस के उपलक्ष्य में जिला खेल विभाग देहरादून द्वारा 20 से 23 जून 2026 तक आयोजित मिनी एवं सब जूनियर जिला स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) के मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 16 पदक अपने नाम किए। विद्यालय के खिलाड़ियों ने 9 स्वर्ण, 3 रजत और 4 कांस्य पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

प्रतियोगिता में विद्यालय की ओर से शुहानी कंत्यूरा, स्वीकृति नौटियाल, रुद्राक्षी, इब्राहिम अली, अभिनव चमोली, आरुष मेहरा, अंश ठाकुर, वंशु सुहाग और लविश सोनी ने अपने-अपने भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किए। इन खिलाड़ियों ने फाइनल मुकाबलों में शानदार खेल दिखाकर जिले में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं प्राची पयाल, शिविका गौनियाल और आयुष्मान रावत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किए। इसके अलावा लक्ष्य राणा, प्रतीक नेगी, शिवेय बिष्ट और लैला अली ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय की उपलब्धियों में योगदान दिया। विद्यालय के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय के निर्देशक श्री विपिन बलूनी, प्रधानाचार्य श्री पंकज नौटियाल तथा बॉक्सिंग कोच श्री प्रदीप कुमार ऐरी और श्री राहुल राकेश रावत ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय के खिलाड़ी भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *