डीएवी: ABVP ने अध्यक्ष पद के लिए नवदीप राणा को मैदान में उतारा, एकजुटता के साथ चुनाव लड़ने का आह्वान 

देहरादून। छात्रसंघ चुनाव को लेकर डीएवी महाविद्यालय में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने सत्र 2026-27 के छात्रसंघ चुनाव के लिए नवदीप राणा को अपना अधिकृत अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित किया है। प्रत्याशी की घोषणा के साथ ही संगठन ने चुनावी तैयारियों को तेज करते हुए कार्यकर्ताओं को मजबूती से मैदान में उतरने का आह्वान किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय संगठन मंत्री विपिन गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर छात्रसंघ चुनाव में मजबूती से उतरना है। उन्होंने संगठन की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं से सक्रियता के साथ छात्र-छात्राओं के बीच संपर्क बढ़ाने का आह्वान किया। अभाविप की ओर से कहा गया कि डीएवी महाविद्यालय में संगठन की छात्र राजनीति में लंबे समय से सक्रिय भागीदारी रही है और कार्यकर्ता इसी संगठनात्मक आधार के साथ इस बार भी चुनाव मैदान में उतर रहे हैं। छात्रसंघ चुनाव 29 सितंबर को प्रस्तावित है, जिसे देखते हुए महाविद्यालय में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं।
प्रत्याशी की घोषणा के दौरान प्रांत संगठन मंत्री अंकित सुंदरियां, प्रांत मंत्री यशवंत पंवार, महानगर मंत्री आयुषी पैन्यूली, पूर्व महासचिव सुमित कुमार, छात्रसंघ अध्यक्ष ऋषभ मल्होत्रा, देवेंद्र दानू सहित संगठन के पूर्व एवं वर्तमान कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रत्याशी की घोषणा के बाद अभाविप कार्यकर्ताओं ने चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों को गति देने और छात्र-छात्राओं से संपर्क अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने की रणनीति पर जोर दिया। आगामी दिनों में डीएवी महाविद्यालय में विभिन्न छात्र संगठनों के प्रत्याशियों की घोषणा के साथ चुनावी मुकाबला और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *