डीजीपी के इस्तीफे की मांग पर उग्र हुआ सुराज सेवा दल, पुलिस मुख्यालय कूच के दौरान कई कार्यकर्ता हिरासत में

देहरादून, 27 जून। प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर सुराज सेवा दल ने शनिवार को राजधानी में जोरदार प्रदर्शन किया। पुलिस मुख्यालय के घेराव के लिए निकले कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना दिया। बाद में पुलिस मुख्यालय की ओर बढ़ने की कोशिश के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो गई, जिसके बाद कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सुराज सेवा दल के अध्यक्ष रमेश जोशी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है, लेकिन सरकार हालात सुधारने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ने की मांग की।सभा के दौरान अध्यक्ष रमेश जोशी ने अचानक पुलिस मुख्यालय की ओर कूच का आह्वान किया। इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बैरिकेडिंग की ओर बढ़ गए। कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड पार करने का प्रयास किया, जबकि कुछ आगे बढ़कर फायर ब्रिगेड के वाहन तक पहुंच गए। इससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सबसे पहले रमेश जोशी को हिरासत में लिया। इसके बाद अन्य प्रदर्शनकारियों को भी रोकते हुए पुलिस वाहनों में बैठाकर हिरासत में लिया गया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी हुई। हिरासत में लिए जाने से पहले रमेश जोशी ने कहा कि यदि प्रदेश में कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो सुराज सेवा दल अपना आंदोलन और तेज करेगा।प्रदर्शन में महामंत्री देवेंद्र बिष्ट, जिलाध्यक्ष सुमित अग्रवाल, सागर वर्मा, हिमांशु धामी, विजेंद्र राजेश थापा, लालमढ़ी भारद्वाज, अमित अग्रवाल, दिव्यांश सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *