देहरादून। मानसून सीजन से पहले डेंगू की रोकथाम के लिए नगर निगम देहरादून ने विशेष लार्वीसाइडल टैंकर अभियान शुरू किया है। गुरुवार को नगर निगम परिसर से महापौर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय ने हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया।
नगर निगम के अनुसार डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के लार्वा को शुरुआती चरण में ही नष्ट करने के उद्देश्य से पहले चरण में करीब 15 लार्वीसाइडल टैंकर विभिन्न वार्डों और क्षेत्रों के लिए रवाना किए गए हैं। ये टैंकर शहर के संवेदनशील इलाकों, जलभराव वाले स्थानों, नालों, खाली भूखंडों, निर्माणाधीन स्थलों और अन्य संभावित मच्छर प्रजनन क्षेत्रों में नियमित रूप से छिड़काव करेंगे। नगर निगम ने बताया कि यह अभियान केवल लार्वीसाइडल छिड़काव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके तहत जनजागरूकता कार्यक्रम, क्षेत्रीय निरीक्षण, स्रोत नियंत्रण और विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाए जाएंगे। लक्ष्य डेंगू के प्रसार को रोकने के लिए निवारक उपायों को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करना है। महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि डेंगू जैसी मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए प्रशासन और नागरिकों की संयुक्त भागीदारी जरूरी है। वहीं नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय ने अधिकारियों को सभी वार्डों में अभियान को समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से संचालित करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, पानी की टंकियों को ढककर रखें, कूलर और गमलों का पानी नियमित रूप से बदलें तथा डेंगू नियंत्रण अभियान में सक्रिय सहयोग करें। निगम प्रशासन ने आगामी दिनों में भी डेंगू रोकथाम और स्वच्छता संबंधी गतिविधियां जारी रखने की बात कही है।
