दिल्ली के हैंडलूम एक्सपो में छाया नीति-माणा का हुनर, स्थानीय महिलाओं के उत्पादों को मिल रही खूब सराहना

नई दिल्ली/देहरादून। उत्तराखंड की सीमांत नीति-माणा घाटी की महिलाओं के हुनर और स्थानीय उत्पादों की खुशबू इन दिनों दिल्ली के जनपथ तक पहुंच रही है। भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय की ओर से आयोजित हैंडलूम एक्सपो-2026 में ‘लूम्स ऑफ नीति-माणा’ के उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। 23 अगस्त तक चलने वाले इस एक्सपो में देश के विभिन्न राज्यों के हथकरघा उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं।

नाबार्ड उत्तराखंड के सहयोग तथा ‘लूम्स ऑफ लद्दाख’ और ‘लूम्स ऑफ नीति-माणा’ की संस्थापक एवं प्रवर्तक अभिलाषा बहुगुणा और मानव सेवा समिति के सहयोग से नीति-माणा सेल्फ कोऑपरेटिव सोसाइटी की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को एक्सपो में प्रदर्शित किया गया है। सीमांत क्षेत्र की महिलाओं के पारंपरिक हुनर को बाजार से जोड़ने की यह पहल उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। नीति-माणा सेल्फ कोऑपरेटिव की यंग प्रोफेशनल कृष्णा ने बताया कि प्रदर्शित सभी उत्पाद नीति-माणा घाटी की महिलाओं द्वारा हाथ से तैयार किए गए हैं। इनमें स्थानीय ऊनी धागों और लोकल हैम्प के रेशे का इस्तेमाल किया जा रहा है। शॉल, पंखी, स्वेटर, मफलर, टोपी और मौजे समेत कई उत्पाद पारंपरिक कला और आधुनिक जरूरतों का सुंदर मेल प्रस्तुत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि एक्सपो में ‘लूम्स ऑफ नीति-माणा’ के स्टॉल को प्रीमियम स्टॉल की श्रेणी में स्थान दिया गया है। स्टॉल पर आने वाले लोग उत्पादों की गुणवत्ता और पारंपरिक डिजाइन को खासा पसंद कर रहे हैं और बड़ी संख्या में खरीदारी भी कर रहे हैं। इससे नीति-माणा की महिलाओं को अपने उत्पादों के लिए व्यापक बाजार उपलब्ध होने की उम्मीद जगी है। हैंडलूम एक्सपो का उद्घाटन केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने किया। उन्होंने ‘लूम्स ऑफ नीति-माणा’ के स्टॉल का भी अवलोकन किया और महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की सराहना की। इस दौरान उन्होंने सीमांत क्षेत्र की पारंपरिक कला और स्थानीय संसाधनों से तैयार उत्पादों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर ‘लूम्स ऑफ नीति-माणा’ के अध्यक्ष कुंदन सिंह टकोला, एमएसएस के महेश खंकरियाल, उत्तम राणा, अमीना समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *