दून पुलिस का ‘नाइट स्ट्राइक’: आधी रात सड़कों पर चेकिंग अभियान, 500 से ज्यादा लोगों से पूछताछ

देहरादून। वीकेंड की रात शहर और देहात क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था मजबूत रखने के लिए दून पुलिस ने ‘ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक’ चलाया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर एसपी सिटी के नेतृत्व में पुलिस की विभिन्न टीमों ने 22-23 अगस्त की मध्यरात्रि में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने देर रात सड़कों पर घूम रहे 500 से अधिक लोगों से पूछताछ की और संदिग्ध गतिविधियों में मिले 53 लोगों को थाने लाकर सत्यापन किया।

पुलिस टीमों ने नगर और देहात के थाना क्षेत्रों में प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थानों और रात्रि में आवाजाही वाले क्षेत्रों में वाहनों एवं लोगों की जांच की। पूछताछ और सत्यापन के बाद संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 15 वाहन चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज किए गए। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य नशे में वाहन चलाकर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना रहा। यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले अन्य वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई। 36 वाहन चालकों के एमवी एक्ट में चालान कर कुल 32,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं 46 वाहन चालकों के चालान न्यायालय के लिए भेजे गए और नियमों के उल्लंघन पर 23 वाहन सीज किए गए। एसएसपी देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों और अधीनस्थ अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस के मुताबिक रात के समय संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी, नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का सत्यापन आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि ‘नाइट स्ट्राइक’ का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि रात के समय आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और अपराधियों में कानून का भय पैदा करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *