पुरानी पेंशन बहाली को लेकर देहरादून में रणनीति तैयार, 13 सितंबर को होगी पेंशन महारैली

देहरादून। पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन (एनएमओपीएस) जनपद देहरादून की बैठक रविवार को यमुना कॉलोनी स्थित एकता भवन में आयोजित की गई। बैठक में जनपद कार्यकारिणी का विस्तार करने के साथ ही पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर 13 सितंबर को प्रस्तावित प्रदेशव्यापी ‘पेंशन महारैली’ की तैयारियों और रणनीति पर चर्चा की गई।
एनएमओपीएस के जिला अध्यक्ष संतोष गड़ोही ने बताया कि जनपद कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए विकासखंड रायपुर से रजनी रावत (प्रारंभिक शिक्षा) को कोषाध्यक्ष, विकासखंड डोईवाला से विजय बडोनी (माध्यमिक शिक्षा) और विकासखंड रायपुर से जगबीर सिंह भंडारी (प्रारंभिक शिक्षा) को उपाध्यक्ष तथा विकासखंड कालसी से विमल उनियाल (माध्यमिक शिक्षा) को जिला मीडिया प्रभारी मनोनीत किया गया।
संतोष गड़ोही ने कहा कि शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए नई पेंशन योजना एक छलावा है। पुरानी पेंशन बहाल होने तक संगठन अपना संघर्ष जारी रखेगा। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में 13 सितंबर को प्रदेशभर के शिक्षक और कर्मचारी देहरादून में एकत्र होकर पेंशन महारैली निकालेंगे तथा विधानसभा घेराव किया जाएगा।
बैठक में विकासखंड रायपुर की महिला विंग का भी गठन किया गया। इसमें संगीता नौटियाल डिमरी (प्रारंभिक शिक्षा) को अध्यक्ष, सुनीता रावत (प्रारंभिक शिक्षा) को मंत्री, राखी बिष्ट (माध्यमिक शिक्षा) को उपमंत्री और दिव्या शर्मा (प्रारंभिक शिक्षा) को प्रचार मंत्री मनोनीत किया गया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से आमंत्रित उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ रायपुर के अध्यक्ष अरविंद सिंह सोलंकी ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के बुढ़ापे का सहारा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को इससे वंचित करना उनके भविष्य की सामाजिक सुरक्षा को कमजोर करना है।
उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। सभी पदाधिकारियों को अधिक से अधिक शिक्षकों और कर्मचारियों को पुरानी पेंशन बहाली के आंदोलन से जोड़ने तथा मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया गया।
एनएमओपीएस के जिला मंत्री विनोद मल्ल ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली के लिए सभी कर्मचारियों को जागरूक और संगठित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि व्यापक एकजुटता के माध्यम से ही आंदोलन को मजबूती दी जा सकती है।
बैठक में सभी पदाधिकारियों ने 13 सितंबर के विधानसभा घेराव कार्यक्रम में अधिक से अधिक शिक्षकों और कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर एनएमओपीएस जिला अध्यक्ष संतोष गड़ोही, जिला मंत्री विनोद मल्ल, कोषाध्यक्ष रजनी रावत, उपाध्यक्ष विजय बडोनी, जगबीर सिंह भंडारी, जिला मीडिया प्रभारी विमल उनियाल, उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ रायपुर अध्यक्ष अरविंद सिंह सोलंकी, विकासखंड रायपुर के प्रवक्ता फरस राम कोठारी, संगीता नौटियाल डिमरी, सुनीता रावत, राखी बिष्ट, दिव्या शर्मा समेत बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *