दून पुलिस का हाई-प्रोफाइल जुआ अड्डे पर छापा, अमेरिकी नागरिक समेत 13 गिरफ्तार

देहरादून। राजधानी देहरादून में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजपुर क्षेत्र में संचालित एक हाई-प्रोफाइल जुआ अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक अमेरिकी नागरिक सहित 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से भारी मात्रा में जुए का सामान, नकदी और विदेशी मुद्रा बरामद की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पूरे जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में राजपुर पुलिस को गोपनीय सूचना मिली कि हैलीपेड के पास एक निजी मकान में बड़े स्तर पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी डालनवाला नितिन लोहानी के नेतृत्व में थाना राजपुर और एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने हैलीपेड के पीछे क्रिस ज्योति स्कूल मार्ग स्थित एक मकान पर औचक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मकान के एक कमरे में चार अलग-अलग टेबलों पर जुआ खेलते हुए 13 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों में अमेरिका के ओरेगन निवासी एक विदेशी नागरिक भी शामिल है, जो वर्तमान में देहरादून की तिब्बती कॉलोनी में रह रहा था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 167 ताश की गड्डियां, 625 डाइस (पासे), 118 जुआ चिप्स, 1 लाख 52 हजार 870 रुपये नकद तथा 41 अमेरिकी डॉलर बरामद किए। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ थाना राजपुर में जुआ अधिनियम की धारा 3/4/5 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ऑपरेशन प्रहार के तहत जिलेभर में अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। राजपुर क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई को अवैध जुए के कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अड्डों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *