– आर्किटेक्चर से लेकर स्मार्ट होम और सौर ऊर्जा तक के उत्पाद आकर्षण का केंद्र
देहरादून। परेड ग्राउंड में शुक्रवार को तीन दिवसीय आर्किटेक्स-द आर्किटेक्चरल एक्सपो का आगाज हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद तीरथ सिंह रावत ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। 2 से 4 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में वास्तुकला, इंटीरियर डिजाइन, भवन निर्माण, इलेक्ट्रिकल एवं प्लंबिंग समाधान के साथ अक्षय ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े ब्रांड और विशेषज्ञ एक मंच पर जुटे हैं।
उद्घाटन समारोह की शुरुआत छोटी बच्चियों की सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुति से हुई। इसके बाद अतिथियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में वास्तुकला, निर्माण, डिजाइन और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विषयों पर पैनल चर्चा भी हुई। विशेषज्ञों ने आधुनिक निर्माण तकनीक, डिजाइन में नए प्रयोग, सतत विकास और उद्योग के सामने मौजूद चुनौतियों एवं संभावनाओं पर विचार साझा किए।
एक छत के नीचे निर्माण से लेकर स्मार्ट होम तक
एक्सपो में टाइल्स एवं सिरेमिक, मार्बल एवं प्राकृतिक पत्थर, बाथ एवं सैनिटरी, दरवाजे-खिड़कियां, एल्युमिनियम एवं पीवीसी सिस्टम, ग्लास एवं रेलिंग, फ्लोरिंग, पेंट एवं कोटिंग, विद्युत समाधान, प्लंबिंग, किचन एवं बाथ समाधान, फर्नीचर और स्मार्ट होम ऑटोमेशन से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं। आगंतुकों को विभिन्न कंपनियों के उत्पादों, डिजाइन विकल्पों और नई निर्माण तकनीकों की जानकारी एक ही स्थान पर मिल रही है। आयोजकों के मुताबिक एक्सपो का उद्देश्य केवल उत्पादों का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि ज्ञान साझा करने, नेटवर्किंग और व्यावसायिक अवसरों के लिए मंच उपलब्ध कराना भी है।
रेन्यूएक्स में सौर ऊर्जा तकनीक पर फोकस
आर्किटेक्स के साथ रेन्यूएक्स का भी आयोजन किया जा रहा है। इसमें अक्षय ऊर्जा और सौर ऊर्जा क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाली नवीनतम तकनीकों एवं समाधानों को प्रदर्शित किया गया है। इससे निर्माण क्षेत्र के साथ ऊर्जा दक्षता और पर्यावरण अनुकूल तकनीकों पर भी आगंतुकों को जानकारी मिल रही है। कार्यक्रम में डीपी गैरोला, राहुल सक्सेना, गिरेन्द्र भारतीया, बीएस राणा, इंदर ढींगरा, डीके सिंह, विजय सिंह तोमर और राहुल देव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। समापन पर अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। आयोजन में सहयोग के लिए मीडिया कोऑर्डिनेटर किशोर रावत को भी सम्मानित किया गया।