बदरीनाथ चढ़ावा चोरी: नौटियाल ने कबूला जुर्म, घर से नकदी, चांदी की मूर्तियां और नेपाली करेंसी बरामद

– चार दिन की पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में मुख्य आरोपी ने कबूला जुर्म

– आरोपी के पास से जब्त किए गए संपत्ति के दस्तावेजों की गहराई से जांच की जा रही

 देहरादून। उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के चढ़ावे और दान में हुई कथित हेराफेरी के मामले में विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने कार्रवाई तेज कर दी है। चमोली पुलिस की एसआईटी ने बदरी-केदार मंदिर  समिति के निलंबित कर्मचारी और मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल के ठिकानों से भारी मात्रा में संदिग्ध सामग्री बरामद की है। चार दिनों की पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान एसआईटी की टीम आरोपी को साथ लेकर देहरादून स्थित उसके आवास, मंदिर समिति के कार्यालय और बदरीनाथ धाम स्थित कमरे पर पहुंची। इस दौरान की गई सघन छापेमारी में पुलिस को नकदी, बेनामी संपत्तियों से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज, चांदी की मूर्तियां, चांदी के सिक्के और नेपाली करेंसी की गड्डियां बरामद हुई हैं।

एसआईटी की पूछताछ में मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल ने बदरीनाथ मंदिर में दान और चढ़ावे की चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। जांच अधिकारियों के अनुसार आरोपी मंदिर परिसर में वीआईपी प्रोटोकॉल और थाली भेंट (चढ़ावा) की गिनती की देखरेख का काम संभालता था। इसी दौरान सीसीटीवी फुटेज और विभागीय जांच में उसे कई बार अवैध तरीके से नकदी और बहुमूल्य सामग्रियां हटाते हुए देखा गया था। शिकायत दर्ज होने के बाद मंदिर समिति ने उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे देहरादून से गिरफ्तार किया था।  पुलिस अधीक्षक चमोली के अनुसार, आरोपी के पास से जब्त किए गए संपत्ति के दस्तावेजों की गहराई से जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या ये संपत्तियां मंदिर के चढ़ावे की चोरी की रकम से अर्जित की गई थीं। इसके साथ ही एसआईटी इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि इस पूरे फर्जीवाड़े और हेराफेरी के खेल में मंदिर प्रशासन के कुछ अन्य कर्मचारी या बाहरी लोग भी शामिल थे या नहीं।इस बहुचर्चित मामले की जांच केवल एसआईटी ही नही, बल्कि शासन स्तर पर गठित उच्चस्तरीय समिति भी कर रही है। करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस धाम में हुई चोरी की घटना से लोगों में भारी आक्रोश है, जिसको देखते हुए पुलिस प्रशासन बिना किसी ढिलाई के ठोस साक्ष्य जुटाने में लगा हुआ है। रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद आरोपी को पुनः अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही जांच पूरी कर इस पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *