सीबीएसई बॉक्सिंग चैंपियनशिप: पदकों की दौड़ हुई रोमांचक, एसबीपीएस के अब तक 25 बॉक्सर पहुंचे अंतिम-8 में

देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) में आयोजित सीबीएसई नॉर्थ जोन-1 बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 में मेजबान स्कूल के मुक्केबाज लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के चौथे दिन एसबीपीएस के छह और मुक्केबाजों ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाकर स्कूल की उम्मीदों को और मजबूत कर दिया। इसके साथ ही अब तक एसबीपीएस के कुल 25 मुक्केबाज अंतिम-8 में पहुंच चुके हैं और अब उनकी नजर पदक जीतने पर है।

चैंपियनशिप के चौथे दिन अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका वर्ग में कुल 220 मुकाबले खेले गए। पूरे दिन चले रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार पंच और शानदार तकनीक का प्रदर्शन किया। कई युवा मुक्केबाजों ने अपने खेल से दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया। शुक्रवार को एसबीपीएस के रोहित सिंह रावत, लविश सोनी, आरव भट्ट, मोहित भंडारी, गौरव सिंह सहित छह मुक्केबाजों ने जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। अब तक स्कूल के 25 खिलाड़ी क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुके हैं, जिससे मेजबान टीम का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में चर्चा का विषय बना हुआ है।प्रतियोगिता के चौथे दिन की मुख्य अतिथि रायपुर की ब्लॉक शिक्षा अधिकारी हेमलता गौड़ उनियाल रहीं। विशिष्ट अतिथियों में अपर सचिव एवं कलियारिपयट्टु एसोसिएशन उत्तराखंड के अध्यक्ष संतोष बड़ोनी, अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग जज जोगेंद्र सिंह बोरा, वर्णम कंपनी की प्रबंध निदेशक सोनल जैन, राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी कमला जायसवाल, मर्चेंट नेवी के कैप्टन दीपक पोखरियाल तथा सीबीएसई ऑब्जर्वर अमित चौधरी शामिल रहे।

एसबीपीएस के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने सभी अतिथियों का स्वागत कर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए। विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने क्वार्टर फाइनल में पहुंचे सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि अनुशासन, मेहनत और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं। अब प्रतियोगिता अपने निर्णायक चरण में पहुंच चुकी है और शनिवार को होने वाले क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में विजेता मुक्केबाज पदक की दौड़ में अपनी दावेदारी मजबूत करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *