देहरादून। देहरादून बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं को जल्द अपना प्रोफेशनल ऑफिस भवन मिलने की उम्मीद है। करीब 8,881.28 वर्गमीटर भूमि पर प्रस्तावित इस भवन में भूतल के साथ सात मंजिलों का निर्माण किया जाएगा। भवन में अधिवक्ताओं के लिए 10×10 आकार के चैंबर प्रस्तावित हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शुक्रवार को मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) और बार एसोसिएशन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर भवन की डिजाइन एवं निर्माण योजना की समीक्षा की और अंतिम प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रस्तावित भवन के सर्वे प्लान, साइट प्लान, क्षेत्रफल, पार्किंग, प्रवेश और निकासी व्यवस्था समेत विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। एमडीडीए की सीनियर आर्किटेक्ट दृष्टि जैन ने बताया कि भवन निर्माण के लिए भूमि का सर्वेक्षण पूरा कर लिया गया है। प्रस्तावित डिजाइन में अधिवक्ताओं के चैंबर के साथ वाहन पार्किंग और आमजन के सुगम आवागमन की व्यवस्था भी शामिल की गई है।
फायर सेफ्टी और आपात निकास पर जोर
डीएम डॉ. आशीष चौहान ने निर्देश दिए कि भवन की डिजाइन में फायर सेफ्टी प्लान, आपातकालीन निकास और लिफ्ट व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि भवन में अधिवक्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आमजन का भी आवागमन रहेगा, इसलिए सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए।
उन्होंने प्रवेश-निकास और पार्किंग व्यवस्था को भी इस तरह विकसित करने के निर्देश दिए, जिससे सामान्य दिनों के साथ आपात स्थिति में भी लोगों की आवाजाही बाधित न हो। डीएम ने अधिकारियों से भवन की उपयोगिता और सुरक्षा के सभी पहलुओं का परीक्षण कर फाइनल निर्माण प्रस्ताव जल्द तैयार करने को कहा।
बैठक में एमडीडीए के अधिशासी अभियंता एसएस रावत, सीनियर आर्किटेक्ट दृष्टि जैन, बार एसोसिएशन अध्यक्ष अनिल कुकरेती, सचिव अजय बिष्ट सहित अन्य पदाधिकारी और वरिष्ठ अधिवक्ता मौजूद रहे।