देहरादून। बुल्सआई ओपन शूटिंग चैंपियनशिप में सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) शूटिंग एकादमी के निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। एकादमी की राधिका थापा और नम्या महतो ने स्वर्ण पदक जीतकर संस्थान का नाम रोशन किया।
देहरादून स्थित त्रिशूल शूटिंग रेंज में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के निशानेबाजों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड के साथ ही आर्मी और डिफेंस के खिलाड़ियों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।एसबीपीएस शूटिंग एकादमी की राधिका थापा ने 10 मीटर एयर राइफल सीनियर कैटेगरी में शानदार निशाना लगाते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके साथ ही उन्होंने चैंपियन ऑफ चैंपियंस (सीओसी) वर्ग में भी पहला स्थान प्राप्त कर 15 हजार रुपये की नकद राशि और ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं, नम्या महतो ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उन्होंने सीओसी वर्ग में भी शीर्ष-8 में स्थान बनाया। इसके अलावा एकादमी के आर्यन रावत ने 10 मीटर एयर पिस्टल में रजत पदक और काव्यांशी ने 10 मीटर एयर राइफल में रजत पदक हासिल किया। अन्य निशानेबाजों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। दिशा राजपूत ने 621 अंक, वाची रावत ने 613.7 अंक, कृतिका राणा और रिया नेगी ने 612 अंक, अनिरुद्ध राणाकोटी ने 616.5 अंक और वेदांग जोशी ने 615.6 अंक अर्जित किए।
बलूनी ग्रुप के एमडी विपिन बलूनी ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि निशानेबाजों की यह उपलब्धि स्कूल और शूटिंग एकादमी के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और लगन से अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि एसबीपीएस शूटिंग एकादमी के खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे। एकादमी के मुख्य कोच अक्षय आनंद ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा कि नियमित अभ्यास और बेहतर प्रशिक्षण के कारण खिलाड़ी लगातार सफलता हासिल कर रहे हैं।
