देहरादून। मसूरी में सार्वजनिक स्थानों पर मारपीट कर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले सात युवकों को दून पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार रविवार को कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से कोतवाली मसूरी क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों पर युवकों के बीच विवाद और मारपीट की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दोनों पक्ष सार्वजनिक स्थान पर एक-दूसरे के साथ हाथापाई कर रहे थे, जिससे आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने पहले दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने और आपस में भिड़ते रहे। स्थिति को देखते हुए शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के सात युवकों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवकों में चार दिल्ली के नजफगढ़ क्षेत्र तथा तीन उत्तर प्रदेश के बिजनौर और नजीबाबाद निवासी हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कार्तिकेय, चिराग, दीपक, रोहन, रोहन चौधरी, अनिरुद्ध गोपाल और नहूल अग्रवाल शामिल हैं।
दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, मारपीट और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से भी सार्वजनिक स्थानों पर कानून का पालन करने और किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।
