हरिद्वार, 8 अक्टूबर। महाराष्ट्र में 268 ग्राम स्मैक की बरामदगी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वांटेड अभियुक्त को उत्तराखण्ड STF ने महाराष्ट्र पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन में हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा आरोपी आखिरकार थाना गंगनहर क्षेत्र में STF के हत्थे चढ़ गया।
महाराष्ट्र के थाना आनचोले में दर्ज क्राइम नम्बर 421/2026, धारा 8/21/29(c) NDPS Act के मामले में पुलिस को आरोपी फैजान की लंबे समय से तलाश थी। मामले में 268 ग्राम स्मैक बरामद होने के बाद से ही फैजान पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था।
महाराष्ट्र पुलिस ने STF से साधा संपर्क
वांछित अभियुक्त की तलाश और गिरफ्तारी के लिए महाराष्ट्र पुलिस ने उत्तराखण्ड STF से समन्वय किया। इसके बाद STF ने आरोपी की गतिविधियों और संभावित ठिकानों पर काम शुरू किया। संयुक्त टीम ने तकनीकी सर्विलांस और अन्य माध्यमों से महत्वपूर्ण इनपुट जुटाए। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन हरिद्वार के थाना गंगनहर क्षेत्र में सामने आई। सूचना पुख्ता होते ही उत्तराखण्ड STF और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए फैजान को गिरफ्तार कर लिया।
लगातार बदल रहा था ठिकाने
पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपता फिर रहा था और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। STF और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त रणनीति के चलते उसकी लोकेशन ट्रेस की गई और उसे हरिद्वार में दबोच लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त फैजान पुत्र फुरकान, उम्र 24 वर्ष, निवासी पाडली गुज्जर, थाना गंगनहर, जनपद हरिद्वार, मूल निवासी ग्राम चांदपुर, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार है।
गिरफ्तार फैजान के विरुद्ध महाराष्ट्र के थाना आनचोले में दर्ज NDPS Act के मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई महाराष्ट्र पुलिस द्वारा की जा रही है। आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए महाराष्ट्र पुलिस के सुपुर्द किया जा रहा है। संयुक्त कार्रवाई में STF की ओर से निरीक्षक भवानी शंकर पंत, उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, हेड कांस्टेबल संजय, हेड कांस्टेबल वीरेन्द्र नौटियाल और कांस्टेबल प्रदीप शामिल रहे। कार्रवाई में एण्टी नारकोटिक्स टीम, महाराष्ट्र ने भी सहयोग किया।