मोबाइल स्नेचिंग गैंग का पर्दाफाश, 2 आरोपी गिरफ्तार, 9 मोबाइल बरामद

देहरादून। राजधानी देहरादून में मोबाइल स्नेचिंग की वारदात का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल समेत कुल 9 मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा स्कूटी बरामद कर सीज कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, 20 जुलाई को ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में स्कूटी सवार दो युवकों ने महिला रूबीना से मोबाइल फोन छीन लिया था। पीड़िता की शिकायत पर पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और लगातार की गई जांच के आधार पर पुलिस ने एमडीडीए ग्राउंड के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध स्कूटी सवार राहुल थापा और अली को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से घटना में छीना गया मोबाइल और आठ अन्य मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की लत व अन्य खर्च पूरे करने के लिए मोबाइल स्नेचिंग जैसी वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस अब बरामद अन्य मोबाइल फोन के संबंध में भी जांच कर रही है कि वे किन घटनाओं से जुड़े हैं। दून पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *