देहरादून। एसएसपी देहरादून की रणनीति के तहत चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार में पटेलनगर पुलिस ने शातिर वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 7 रॉयल एनफील्ड बुलेट समेत कुल 13 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरोह देहरादून के अलग-अलग इलाकों में रैकी करने के बाद सुनसान स्थानों पर खड़े वाहनों को निशाना बनाता था।
पुलिस के अनुसार चंद्रबनी चोयला निवासी आदित्य और शक्ति विहार माजरा निवासी दीपक सिंघल की बुलेट चोरी होने के बाद पटेलनगर कोतवाली में मुकदमे दर्ज किए गए थे। घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थलों का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और पूर्व में वाहन चोरी में शामिल रहे संदिग्धों का सत्यापन किया। लगातार जांच के बाद 10 अगस्त को हरिद्वार बाईपास रोड स्थित कबाड़ी बाजार के पास पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दो संदिग्धों को चोरी की दो बुलेट के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने देहरादून के विभिन्न इलाकों से अन्य बुलेट और दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने पांच अन्य बुलेट समेत कुल 13 वाहन बरामद किए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक सिंह विश्नोई (23) निवासी श्यामपुर कांगड़ी, हरिद्वार और गुरप्रीत सिंह (20) निवासी टाटवाला, श्यामपुर कांगड़ी के रूप में हुई है।
नंबर प्लेट हटाकर देते थे किराये पर
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले सुनसान स्थानों पर खड़े वाहनों की रैकी करते थे और मौका मिलते ही उन्हें चोरी कर लेते थे। पुलिस से बचने के लिए चोरी के वाहनों की नंबर प्लेट हटा देते थे और गली-मोहल्लों के रास्तों से उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाते थे। आरोपियों के मुताबिक अपने खर्चों की पूर्ति के लिए कुछ चोरी के वाहनों को नंबर प्लेट हटाकर परिचितों को किराये पर भी देते थे। वहीं चोरी किए गए वाहनों को दूसरे राज्यों में ले जाकर बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश की जा रही थी। पुलिस के अनुसार दो अन्य चोरी के वाहनों के बारे में भी आरोपियों से जानकारी मिली है। इनमें एक बुलेट हरिद्वार के श्यामपुर थाने में और दूसरा वाहन पानीपत, हरियाणा में पुलिस द्वारा सीज किया जा चुका है। इनकी जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वाहन चोरी के मामलों का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी देहरादून ने 2500 रुपये के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
