संस्थापक अध्यक्ष के विश्वविद्यालय पहुंचने पर विद्यार्थियों ने विशेष स्वागत किया। गिटार की मधुर धुनों और जन्मदिन गीतों के साथ छात्र उन्हें विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से उनके कार्यालय तक लेकर गए। रास्ते में छात्र-छात्राएं फूल और शुभकामना संदेश लेकर खड़े रहे। इसके बाद छात्रों के साथ केक काटकर समारोह की शुरुआत की गई।
स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में श्री जोशी के पहुंचते ही पूरा सभागार तालियों और जन्मदिन गीतों से गूंज उठा। विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने मंच पर पहुंचकर उनका अभिनंदन किया और शुभकामनाएं दीं। डॉ. अनिल दीक्षित द्वारा रचित स्वागत गीत भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। समारोह के दौरान श्री जोशी ने विश्वविद्यालय की संचालक समिति की उपाध्यक्ष अनुराधा जोशी, अध्यक्षा अंकिता जोशी, कुलपति प्रो. धर्म बुद्धि, उपकुलपति प्रो. राजेश बहुगुणा, कार्यकारी निदेशक डॉ. अभिषेक जोशी, प्रोजेक्ट मैनेजर जगदीश जोशी तथा रजिस्ट्रार डॉ. अनुज राणा के साथ केक काटकर संस्थापक दिवस मनाया। कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण पहलू शिक्षकों और शोधकर्ताओं को 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान करना रहा। इस अवसर पर श्री जोशी ने कहा कि विश्वविद्यालय की उपलब्धियों का श्रेय समर्पित शिक्षकों, शोधकर्ताओं और कर्मचारियों को जाता है। उन्होंने बताया कि देशभर के राज्यों तथा 27 से अधिक देशों के 30 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने शिक्षा के लिए उत्तरांचल विश्वविद्यालय को चुना है। समारोह को कुलपति प्रो. धर्म बुद्धि और उपकुलपति प्रो. राजेश बहुगुणा ने भी संबोधित किया।
